Ad image

मसूरी गोलीकांड: मुख्यमंत्री ने शहीद आंदोलनकारियों को दी श्रद्धांजलि, परिवारों को किया सम्मानित

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी गोलीकांड की 31वीं बरसी पर शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवारजनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए कृतसंकल्प होकर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने मसूरी स्थित शहीद स्मारक पर बलबीर सिंह नेगी, बेलमती चौहान, हंसा धनाई, धनपत सिंह, राय सिंह बंगारी और मदन मोहन ममगई को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि 2 सितंबर 1994 का दिन उत्तराखंड के इतिहास में काले अध्याय के रूप में दर्ज है, जब शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों पर पुलिस ने गोली चलाई।

धामी ने बताया कि सरकार ने शहीद आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों के लिए सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किया है। इसके अलावा, शहीदों के परिवारों को 3000 रुपये मासिक पेंशन, घायल और जेल गए आंदोलनकारियों को 6000 रुपये तथा सक्रिय आंदोलनकारियों को 4500 रुपये प्रति माह पेंशन प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए कानून के अंतर्गत अब चिन्हित आंदोलनकारियों की परित्यक्ता, विधवा और तलाकशुदा पुत्रियों को भी आरक्षण का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही 93 आंदोलनकारियों को राजकीय सेवा में नियुक्त किया गया, बच्चों के लिए स्कूल-कॉलेजों में निःशुल्क शिक्षा, और आंदोलनकारियों के लिए सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

धामी ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया है। इसके अलावा “समान नागरिक संहिता” लागू कर राज्य में सभी नागरिकों को समान अधिकार और कर्तव्य सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने युवाओं के लिए नकल विरोधी कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफियों को जेल भेजने और 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का भी जिक्र किया।

सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, अतिक्रमण मुक्ती अभियान, सख्त दंगारोधी कानून और मदरसा बोर्ड सुधार सहित कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने सनातन संस्कृति को बदनाम करने वाले पाखंडियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन कालनेमि’ का भी उल्लेख किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गढ़वाल सभा भवन निर्माण, सिफन कोर्ट का मामला, मसूरी में वेंडर जोन समेत अन्य मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने उत्तराखंड आंदोलन के प्रमुख चेहरा स्वर्गीय इंद्रमणि बड़ोनी के जन्मशताब्दी समारोह को भव्य रूप से मनाने की भी घोषणा की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, दर्जाधारी सुभाष बड़थ्वाल, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन मल्ल सहित शहीद आंदोलनकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment