उत्तराखंडदुर्घटना

60 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पीएनबी कैशियर की मौत

अल्मोड़ा: जिले के सल्ट थाना क्षेत्र में कूपी बैंड के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार के खाई में गिरने से पंजाब नेशनल बैंक के एक कैशियर की मौत हो गई। हादसे में कार करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार कचनाल गाजी, काशीपुर निवासी सुभाष सिंह बिष्ट (35) पुत्र धीरेंद्र सिंह बिष्ट शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल जिले के थलीसैंण से कार से अपने घर काशीपुर लौट रहे थे। सल्ट क्षेत्र के कूपी बैंड के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। रात का समय होने के कारण किसी को हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी।

शनिवार सुबह करीब 7:25 बजे स्थानीय लोगों की नजर खाई में गिरी कार पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने सल्ट थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। इसके बाद वाहन से व्यक्ति को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

घर आने का इंतजार कर रहे थे परिजन

सुभाष सिंह बिष्ट पंजाब नेशनल बैंक में कैशियर के पद पर तैनात थे। शनिवार और रविवार की छुट्टी होने के कारण वह अपने बच्चों और परिवार से मिलने घर जा रहे थे। परिजन उनके घर पहुंचने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इसके बजाय हादसे में मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पहाड़ी सड़कों पर बढ़ रहे हादसे

स्थानीय लोगों का कहना है कि सल्ट क्षेत्र की कई सड़कें संकरी और घुमावदार हैं। कई स्थानों पर पैराफिट और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। कूपी बैंड के पास पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में लोगों की चिंता बढ़ रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button