
रायपुर थाने में पुलिस कस्टडी के दौरान पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार को उसका शव हवालात के अंदर कंबल से बने फंदे में लटका मिला, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर पुलिस को लाडपुर स्थित एक पेट्रोल पंप से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान नहीं कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस के मुताबिक संबंधित व्यक्ति शराब के नशे में था। समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना, तो उसे थाने लाया गया और शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि थाने में हंगामा करने पर उसे हवालात में बंद कर दिया गया। कुछ समय बाद वह बेसुध अवस्था में मिला। पुलिसकर्मी तुरंत उसे कोरोनेशन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रविवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।
सूचना मिलते ही आईजी आनंद स्वरूप और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
वहीं, मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचकर आक्रोश जताया और हंगामा किया। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



