देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने सिंचाई विभाग में सींचपाल पद पर दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी कर दी है। आयोग ने यह प्रक्रिया उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में पूरी की है।
आयोग के सचिव एनके डुंगरियाल ने बताया कि उच्च न्यायालय नैनीताल में दायर रिट याचिका पर पारित निर्णय के क्रम में सींचपाल पद के लिए दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
उन्होंने बताया कि आयोग ने 15 जुलाई 2026 को दिव्यांग श्रेणी की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित की थी। इसके बाद 28 जुलाई को आयोग कार्यालय में संबंधित अभ्यर्थियों के अभिलेखों की सन्निरीक्षा की गई।
प्रमाणपत्रों के आधार पर तैयार हुआ श्रेष्ठताक्रम
अभिलेख सन्निरीक्षा में उपस्थित अभ्यर्थियों की ओर से प्रस्तुत प्रमाणपत्रों और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उनका श्रेष्ठताक्रम तैयार किया गया। इसी आधार पर चयन संस्तुति के लिए औपबंधिक श्रेष्ठता सूची तैयार की गई है।
आयोग ने सूची संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई और चयन संस्तुति के लिए भेज दी है। साथ ही अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए औपबंधिक श्रेष्ठता सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर उपलब्ध करा दी गई है।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे वेबसाइट पर जारी सूची और संबंधित सूचनाओं का अवलोकन कर लें।



