Ad image

मानसून की पहली बारिश में खुली सड़कों की पोल

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून। मानसून की पहली बारिश ने शहर की सड़क व्यवस्था की तैयारियों की हकीकत उजागर कर दी है। कई स्थानों पर सड़क धंसाव, जलभराव और क्षतिग्रस्त मार्गों की शिकायतों के बीच लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष आरसी शर्मा बुधवार सुबह छह बजे स्वयं निरीक्षण के लिए निकले। उन्होंने करीब 150 किलोमीटर लंबे प्रमुख मार्गों का जायजा लिया और जहां-जहां खामियां मिलीं, वहां तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

सड़क कटिंग के बाद धंसी सड़कें, हादसों का बढ़ा खतरा

निरीक्षण के दौरान किशन नगर चौक, बल्लूपुर, अग्रवाल बेकर्स और आराघर के बीच कई स्थानों पर सड़क कटिंग के बाद सड़क की सतह धंसी हुई मिली। प्रमुख अभियंता ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कर सड़क को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।

नागल और सहस्रधारा मार्ग पर जलभराव की समस्या

निरीक्षण में नागल मार्ग और सहस्रधारा मोटर मार्ग के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या सामने आई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बारिश के दौरान पानी जमा न हो, इसके लिए जल निकासी व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए।

ड्रेनों में मलबा और पॉलीथिन से बाधित निकासी

सहस्रधारा मोटर मार्ग पर वर्षा जल निकासी के लिए बनी केसी ड्रेन में कई स्थानों पर मलबा, पॉलीथिन और अन्य कचरा जमा मिला। इससे पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। प्रमुख अभियंता ने ड्रेनों की तत्काल सफाई कराकर जल निकासी व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए।

क्षतिग्रस्त मार्गों पर तत्काल पैचवर्क के आदेश

कैनाल मोटर मार्ग, सहस्रधारा मोटर मार्ग और नागल मार्ग के कई हिस्सों में सड़कें क्षतिग्रस्त मिलीं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इन मार्गों पर तत्काल पैच मरम्मत शुरू कराई जाए, ताकि बरसात के दौरान सड़कें और अधिक खराब न हों तथा आम लोगों को आवागमन में दिक्कत न उठानी पड़े।

पेड़ों की शाखाएं भी बनीं खतरा

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सड़क किनारे पेड़ों की लटकती शाखाएं यातायात के लिए जोखिम पैदा करती मिलीं। प्रमुख अभियंता ने संबंधित अधिकारियों को पेड़ों की लॉपिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि तेज बारिश और हवाओं के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय मुख्य अभियंता दयानंद, अधीक्षण अभियंता ओमपाल सिंह, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, नीरज त्रिपाठी सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment