गेंवाली पुल निर्माण में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, डीएम ने बैठाई जांच

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखंड घनसाली अंतर्गत गेंवाली गांव में निर्माणाधीन पुल को लेकर सामने आई लापरवाही पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सख्त रुख अपनाया है। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायतों के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनाए जा रहे इस पुल का निर्माण पिछले करीब दो वर्षों से चल रहा है, लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले वर्ष आई आपदा में पुल का निर्माण कार्य बह गया था, इसके बावजूद संबंधित ठेकेदार को बिना कार्य पूर्ण किए ही भुगतान कर दिया गया।

पुल निर्माण की धीमी प्रगति और संभावित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बनी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है।

समिति की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी घनसाली अलकेश नौडियाल को सौंपी गई है। इसके अलावा अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग घनसाली और अधिशासी अभियंता, सिंचाई खंड टिहरी को समिति में सदस्य बनाया गया है।

जिलाधिकारी ने समिति को निर्देश दिए हैं कि पुल निर्माण में अब तक हुए कार्यों की गुणवत्ता, वित्तीय भुगतान और पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जांच कर एक सप्ताह के भीतर स्पष्ट संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उम्मीद जगी है।

Share This Article
Leave a Comment