
देहरादून। रायपुर थाना की हवालात में फांसी लगाकर जान देने वाले पीआरडी जवान के शव का आज डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार, जवान ने हवालात के अंदर कंबल फाड़कर फंदा बनाया और आत्महत्या कर ली। हालांकि, इस दावे पर मृतक के परिजन सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि कंबल से फांसी लगाना संभव नहीं लगता और मामले में सच्चाई छिपाई जा रही है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि जवान के साथ थाने में मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हुई। घटना को लेकर परिवार में आक्रोश का माहौल है और निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। एसपी देहात के स्तर से जांच के साथ ही मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। वहीं, परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।



