
देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला इलाके में एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सड़क किनारे जंगल में बोरे (कट्टे) में बंद एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शव करीब छह दिन पुराना है।
जानकारी के अनुसार मांडूवाला में सड़क के पास जंगल की ओर से एक कट्टे से तेज दुर्गंध आ रही थी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जब पुलिस ने कट्टे को खोलकर देखा तो उसके अंदर एक महिला का शव बरामद हुआ।
शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी और प्रथम दृष्टया यह करीब छह से सात दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतका की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस शव की शिनाख्त के लिए जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि शव को घुटने मोड़कर बोरे में भरा गया था, जिससे हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मृतका की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।





