Ad image

पूर्व सैनिक कल्याण समिति ने मेधावी छात्र-छात्राओं व प्रतिभाओं का किया सम्मान

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

उत्तरकाशी। विश्वनाथ पूर्व सैनिक कल्याण समिति की ओर से शनिवार को जिला ऑडिटोरियम सभागार में मेधावी छात्रवृत्ति एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ ही पूर्व सैनिकों के मेधावी बच्चों तथा शिक्षा, खेल, चिकित्सा, बैंकिंग और रक्षा सेवाओं में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

समिति के मीडिया प्रभारी हवलदार (सेवानिवृत्त) गोपेश्वर प्रसाद भट्ट ने बताया कि संगठन के नियमों के तहत चयनित मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन करने वाले पूर्व सैनिकों के बच्चों को भी सम्मानित किया गया।

सम्मानित प्रतिभाओं में 21वीं नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप 2026-27 में कांस्य पदक जीतने वाले रुद्राक्ष राणा, भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बने मयंक पडियार, एमबीबीएस पूर्ण कर चिकित्सकीय सेवा दे रहे डॉ. पीयूष राणा तथा पंजाब नेशनल बैंक में प्रोबेशनरी ऑफिसर के पद पर चयनित मुस्कान भट्ट प्रमुख रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश मलिक मजहर सुल्तान थे। विशिष्ट अतिथियों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सचिन कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी हर्षा रावत तथा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) संदीप नेगी शामिल रहे। समारोह में पुलिस प्रशासन, पत्रकारों और जिले के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता की।

इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों से अनुशासन, निरंतर परिश्रम और उच्च लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। समिति के संरक्षक मेजर (सेवानिवृत्त) राजेंद्र सिंह जमनाल ने कहा कि प्रतिभा को सही दिशा और अवसर मिलना आवश्यक है। वहीं समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, पदाधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Share This Article
Leave a Comment