उत्तरकाशी , गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे पर धरासू बैंड के पास अगले तीन दिन (मंगलवार से बृहस्पतिवार तक) 10 घंटे यातायात बंद रहेगा। चारधाम यात्रा को देखते हुए हाईवे के इस हिस्से में जमा मलबे को हटाने के लिए यातायात बाधित रखने का निर्णय लिया गया है। हालांकि इस दौरान अतिआवश्यक सेवाओं को यातायात की अनुमति रहेगी। अपर जिलाधिकारी तीर्थपाल सिंह ने इस संबंध में सोमवार शाम को आदेश जारी किया। बताया कि यमुनोत्री हाईवे पर धरासू बैंड से सिलक्यारा और गंगोत्री हाईवे पर चिन्याली से धरासू के बीच मलबा हटाने का निर्णय लिया गया है। इस दायरे में सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी चल रहा है। कुछ दिन पूर्व यहां चौड़ीकरण कार्य के दौरान मलबे व बोल्डर की चपेट में आने से कंपनी के साइट इंचार्ज की मौत हो गई थी। जिलाधिकारी ने यहां मलबा हटाने व चौड़ीकरण कार्य को जल्द पूरा करने के लिए जरूरी होने पर यातायात बंद करने को कहा था। एडीएम तीर्थपाल ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से मलबा हटाते समय हर दिन 10 घंटे यातायात बंद रखने का निर्णय लिया गया है। बताया कि इन दिनों में पूर्वाह्न 11 से दोपहर 2 बजे तक तथा रात्रि में 10 बजे से सुबह 5 बजे तक अतिआवश्यक सेवाओं को छोड़कर यातायात बंद रहेगा।
धरासू में 3 दिनों तक बंद रहेगा यातायात

You Might Also Like
Leave a Comment Leave a Comment
Stay Connected
- Advertisement -


