बेहोश कर कई बार करता था दुष्कर्म

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

पश्चिम बंगाल से देह व्यापार के लाई गई किशोरी से हर रोज कई बार दुष्कर्म किया जा रहा था। वह होश में आती इससे पहले ही उसे और नशा दे दिया जाता। इस मामले से जुड़ी देह व्यापार की सरगना तान्या शेख फरार है, जिसकी पुलिस को तलाश है। साथ ही पुलिस पर हमला करने वाली तीन और महिलाओं की तलाश में भी दबिश दी जा रही है। पुलिस से मारपीट के तीन नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस ने कई जगह दबिश दी। तान्या की गिरफ्तारी के लिए नैनीताल पुलिस पश्चिम बंगाल पुलिस से मदद लेगी। बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल पुलिस रज्जाक और नाबालिग किशोरी को लेने हल्द्वानी पहुंचेगी। मूलरूप से बसंती-24 परगना पश्चिम बंगाल निवासी तान्या शेख यहां भोटियापड़ाव के संजयनगर में आसिम रजा के घर पर किराए पर रहती थी। पुलिस के मुताबिक तान्या ने अपनी ही भांजी का अपहरण किया और हल्द्वानी लाकर उसे देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया। पश्चिम बंगाल पुलिस की सूचना पर बीती 14 मई को पुलिस ने 15 साल की किशोरी को दलाल रज्जाक पाइक से बरामद कर लिया।

किशोरी को एक सप्ताह पहले बेहोशी की हालत में हल्द्वानी लाया गया

उसकी निशानदेही पर सोमवार को जब एएचटीयू प्रभारी ललिता पांडे ने आसिम रजा के घर पर छापा मारा तो पुलिस टीम को बंधक बनाकर पीटा गया। पुलिस ने आसिफ रजा, उसके दो पुत्र अशद रजा व हसन रजा को गिरफ्तार कर लिया जबकि पत्नी मीना, बेटी हासिया और अनम फरार हो गए। पुलिस की तफ्तीश में पता लगा कि किशोरी को एक सप्ताह पहले बेहोशी की हालत में हल्द्वानी लाया गया।

नेटवर्क में कई नामी लोग भी शामिल

सरगना तान्या शेख और दलाल रज्जाक उसे होश में आने ही नहीं देते थे। होश आने से पहले उसे नशीली गोलियां, इंजेक्शन या फिर ड्रग्स देकर सुन्न कर दिया जाता। इसी हालत में उसे एक के बाद एक कई ग्राहकों तक पहुंचाया जा रहा था। अब पुलिस को तान्या की तलाश है। तान्या के पकड़े जाने के बाद पुलिस कुमाऊं में इस गिरोह को पकड़ने की योजना पर काम कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस गिरोह का हल्द्वानी, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में बहुत बड़ा नेटवर्क है। इस नेटवर्क में कई नामी लोग भी शामिल हैं।

तीन नामजदों की तलाश में दबिश

पुलिस पर हमले के आरोपी तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि फरार तीन नामजदों की तलाश में दबिश दी जा रही है। तान्या शेख पश्चिम बंगाल पुलिस की आरोपी है। उसके खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी होते ही उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे।
– पंकज भट्ट, एसएसपी नैनीताल

Share This Article
Leave a Comment