Ad image

14 साल के बच्चे को लगी गोली

Ramesh Kuriyal
1 Min Read

रुड़की के बुग्गावाला क्षेत्र के एक गांव में शादी में बज रहे डीजे पर डांस के दौरान हर्ष फायरिंग करने से एक किशोर की मौत हो गई। किशोर की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। जिस व्यक्ति ने गोली चलाई थी, मृतक उसी का भतीजा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना मंगलवार देर रात बुग्गावाला क्षेत्र के डांडियों की है। एक परिवार में शादी समारोह का कार्यक्रम चल रहा था।

समारोह में डीजे पर बच्चे और अन्य लोग डांस कर रहे थे। इस बीच एक व्यक्ति ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। फायरिंग में परमजीत सिंह पुत्र नीटू सिंह (14) को गोली लग गई। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष अजय शाह ने बताया कि मामले में गोली चलाने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
Share This Article
Leave a Comment