उत्तरकाशी: जिले के युवाओं के लिए10 दिवसीय पर्यटक गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद एवं हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में जिले के युवाओं हेतु 10 दिवसीय पर्यटक गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला, एनआईएम के प्रधानाचार्य कर्नल अंशुमन भदौरिया एवं प्रोफेसर डीआर पुरोहित द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने कहा कि धर्म, संस्कृति एवं पर्यटन के दृष्टिकोण से उत्तरकाशी जिले की अपनी विशिष्ट पहचान है। पर्यटकों को जिले के विभिन्न पहलुओं की जानकारियां देने के लिए कुशल गाईड तैयार करने में इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों मददगार सिद्ध होेंगे और यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वरोजगार एवं पर्यटन की दृष्टि से भी बहुत ही महत्वपूर्ण होगा।

विशिष्ट अतिथि कर्नल अंशुमन भदौरिया ने कहा की कुशल एवं पेशेवर गाइड को हर विषय की जानकारी होने चाहिए, इस तथ्य को ध्यान में रख युवा प्रशिक्षण की बारीकियों को व्यवहार में उतारें तो निश्चित तौर पर उन्हें और पर्यटकों को फायदा होगा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रोफेसर डॉ डीआर पुरोहित ने कहा कि नैसर्गिक साैंदर्य से परिपूर्ण उत्तरकाशी जिले का आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहलू भी काफी पुरातन और उल्लेखनीय है। स्थानीय युवा गाईड का पेशा अपना कर जिले के विभिन्न आयामों के बारे में पर्यटकों को जानकारी देकर अपना कैरियर संवारने के साथ ही जिले के पर्यटन विकास में भी योगदान कर सकते हैं। इस मौके पर जिला पर्यटन अधिकारी जसपाल सिंह चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण उत्तरकाशी के युवाओं को पर्यटन स्वरोजगार से जोड़ने में विशेष भूमिका अदा करेगा।

इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक डॉक्टर सर्वेश उनियाल, डॉक्टर राहुल बहुगुणा, राकेश कोठारी, साहसिक खेल पर्यटन अधिकारी मोहम्मद अली, चारधाम होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरी, जिला होटल एसोसिएशन उत्तरकाशी के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा, दीपेंद्र पंवार, विशाल रंजन आदि उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment