उत्तराखंडसामाजिक

चारधाम यात्रा से पहले तैयारियां तेज

डीएम ने हिल बाईपास और मनसा देवी पैदल मार्ग के निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

हरिद्वार। चारधाम यात्रा को देखते हुए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को हिल बाईपास सड़क और मां मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी निर्माण कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और काम में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने को कहा।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हिल बाईपास मार्ग पर पड़े मलबे को यात्रा शुरू होने से पहले हटाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवाजाही में कोई परेशानी न हो।

उन्होंने स्लाइडिंग जोन का भी निरीक्षण किया और वहां सुरक्षा दीवार का निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा वन विभाग को पहाड़ी क्षेत्र में मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए बांस और घास लगाने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हो सकें।

इस दौरान डीएम ने मनसा देवी पैदल मार्ग पर साफ-सफाई बनाए रखने और मंदिर प्रवेश द्वार के पास दोपहिया वाहन खड़े न होने देने के निर्देश भी दिए, जिससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।

निरीक्षण के समय लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक वर्मा, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ओमजी गुप्ता, राजाजी नेशनल पार्क के वार्डन अजय लिंगवाल, अपर सहायक अभियंता सुनील कुमार, प्रवेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button