
देहरादून। भरोसे का फायदा उठाकर संपत्ति हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंगानगर क्षेत्र में एक केयरटेकर ने मकान मालिक की गैरमौजूदगी का लाभ उठाकर संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रच डाली। हैरानी की बात यह है कि केयरटेकर की मौत के बाद उसके परिजनों ने इस साजिश को आगे बढ़ाते हुए संपत्ति रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया।
गंगानगर निवासी रमेश कुमार ने अपने मकान की देखभाल के लिए मदन लाल शर्मा को केयरटेकर नियुक्त किया था। रमेश कुमार बीमारी के चलते अपने बेटे के पास डेनमार्क में रह रहे हैं। आरोप है कि इसी दौरान मदन लाल ने अपने परिवार के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्ति अपने नाम कराने की योजना बनाई।
बताया जा रहा है कि 100 रुपये के स्टांप पेपर पर कूट रचित दस्तावेज तैयार कर नगर निगम के रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने की कोशिश की गई। वर्ष 2021 में मदन लाल की मृत्यु के बाद उसकी पत्नी मुक्तेश देवी, बेटे मनीष शर्मा और करुण शर्मा तथा बेटी मीनाक्षी शर्मा ने कथित रूप से इस साजिश को आगे बढ़ाया और रिकॉर्ड में हेरफेर कर अपना नाम दर्ज करा लिया।
मामले का खुलासा 20 जुलाई 2023 को तब हुआ, जब विदेश में रह रहे मूल स्वामी को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने साई विहार कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार नौटियाल को पावर ऑफ अटॉर्नी देकर कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रमोद कुमार ने डीएम से शिकायत की।
शिकायत में यह भी आरोप है कि केयरटेकर के परिवार ने कोरोना काल के बाद से अब तक करीब पांच लाख रुपये का किराया भी हड़प लिया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मदन लाल शर्मा, उसकी पत्नी और तीनों बच्चों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि मामले में दस्तावेजों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



