देहरादून।
सेलाकुई में त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी को भारत लाने के लिए पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। आरोपी नेपाल का निवासी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी गई है।
पुलिस की ओर से आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए आवेदन किया जा चुका है, हालांकि नेशनल सेंट्रल ब्यूरो (NCB) की ओर से कुछ आपत्तियां लगाई गई हैं। पुलिस इन आपत्तियों का निस्तारण कर रही है। साथ ही, आरोपी के प्रत्यर्पण के लिए संबंधित एंबेसी से लगातार पत्राचार जारी है।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि घटना के बाद मृतक एंजेल चकमा के छोटे भाई माइकल के पढ़ाई छोड़कर त्रिपुरा लौटने की सूचना सामने आई है। पुलिस जल्द ही परिजनों से संपर्क कर उन्हें सहयोग देने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि देहरादून की पहचान शिक्षा नगरी के रूप में है और यहां का माहौल किसी भी सूरत में खराब नहीं होने दिया जाएगा।
ऐसे हुआ था विवाद
नौ दिसंबर की शाम करीब 6:15 बजे सूरज खवास अपने बेटे सादविक के पहले जन्मदिन की पार्टी के लिए साथियों के साथ सेलाकुई स्थित ठेके पर शराब लेने पहुंचा था। उसी समय एंजेल चकमा और उसका भाई माइकल भी वहां मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि इस दौरान सूरज खवास, यज्ञराज अवस्थी और शौर्य के बीच आपसी टिप्पणियों को लेकर विवाद शुरू हो गया। पीड़ित पक्ष को लगा कि उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट के दौरान एंजेल चकमा की हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, फरार आरोपी यज्ञराज अवस्थी की गिरफ्तारी के लिए उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर भारत लाने के लिए सभी जरूरी कानूनी और कूटनीतिक प्रयास किए जा रहे हैं।



