Ad image

फूलचंद नारी शिल्प मंदिर गर्ल्स इंटर कॉलेज में अत्याधुनिक स्टेम लैब का उद्घाटन

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून। शिक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में छात्राओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए फूलचंद नारी शिल्प मंदिर गर्ल्स इंटर कॉलेज में अत्याधुनिक स्टेम लैब का उद्घाटन किया गया। यह पहल स्पार्क टेक्नोलॉजीज, एसीआईसी उत्तरांचल यूनिवर्सिटी फाउंडेशन, स्पेक्स एवं उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के संयुक्त सहयोग से साकार हुई।

कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तरांचल यूनिवर्सिटी की वाइस प्रेसिडेंट अंकिता जोशी, वाइस चांसलर प्रो. धरम बुधि, प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन, सदस्य प्रबंधन समिति अवनीश ओबोरॉय तथा SPECS के अध्यक्ष डॉ. बृज मोहन शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर अंकिता जोशी ने कहा कि “आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है और अवलोकन उसका पहला चरण है। स्टेम लैब विद्यार्थियों में रचनात्मकता विकसित करने तथा विज्ञान को सहज रूप से सीखने का उत्कृष्ट माध्यम है।”

वहीं प्रो. धरम बुधि ने कहा कि विज्ञान शिक्षा को व्यवहारिक और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थी प्रयोगों के माध्यम से सीखते हुए वैज्ञानिक सोच विकसित कर सकें।

डॉ. देवेंद्र भसीन ने विद्यार्थियों के जीवन में विज्ञान शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्टेम शिक्षा भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए विद्यार्थियों को सक्षम बनाएगी।

कार्यक्रम में डॉ. बृज मोहन शर्मा ने कहा कि स्टेम लैब विद्यार्थियों में सोच, अवलोकन और प्रयोगात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में असीम संभावनाओं का आधार है।

इस दौरान वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। इंटरमीडिएट वर्ग में नमरा, पल्लवी शर्मा, ज्योति गौतम, जीनत और अदीबा अकील को सम्मानित किया गया, जबकि हाईस्कूल वर्ग में मुनंज्जा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।

विद्यालय की ओर से विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले सहयोगियों को “विज्ञान संचारक सम्मान” से सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में डॉ. राजेश सिंह, डॉ. अनीता गहलोत, स्पार्क टेक्नोलॉजीज, दिव्या बंसल, स्मार्ट सर्किट्स इनोवेशन, सेल्टोस इनोवेशन फाउंडेशन, मोहित अग्रवाल और हिमांशु तिवारी प्रमुख रहे।

विद्यालय की प्रधानाचार्या मोना बाली ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय में स्टेम लैब की स्थापना विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल छात्राओं में नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास को नई दिशा देगी।

कार्यक्रम में हरी राज सिंह, बालेंदु जोशी, शांति बिष्ट, सुजाता शर्मा, रेणु जोशी, शीतल, नीरज उनियाल, सौरभ कौशल, सचिन शर्मा और रवि सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment