Ad image

हीट स्ट्रोक को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सभी अस्पतालों में बनेंगे ‘हीट स्ट्रोक रूम’

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। गर्मी से होने वाली बीमारियों और हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के लिए हेल्थ एडवाइजरी जारी कर दी है। साथ ही प्रत्येक चिकित्सा इकाई में विशेष “हीट स्ट्रोक रूम” बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य महानिदेशक सुनीता टम्टा ने बताया कि हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए अस्पतालों में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी हीट स्ट्रोक रूम में आइस पैक, आईवी फ्लूइड, ओआरएस सॉल्यूशन, आवश्यक दवाइयां और वेंटिलेटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को भी हीट स्ट्रोक के उपचार एवं आपातकालीन प्रबंधन को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से हीट स्ट्रोक से बचाव और जागरूकता के लिए प्रचार-प्रसार सामग्री सभी जिलों में भेजी गई है। पोस्टर, पंपलेट और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी न होने देने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

स्वास्थ्य महानिदेशक सुनीता टम्टा ने आमजन से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान घर से कम बाहर निकलें और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

Share This Article
Leave a Comment