Ad image

अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय ने रचा इतिहास, पहली बार दूरबीन विधि से एपेंडिक्स का सफल ऑपरेशन

Ramesh Kuriyal
4 Min Read

अल्मोड़ा। पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा ने आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक नई उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल में पहली बार लेप्रोस्कोपिक एपेंडेक्टॉमी (दूरबीन विधि से एपेंडिक्स का ऑपरेशन) सफलतापूर्वक किया गया। यह ऑपरेशन वरिष्ठ जनरल सर्जन डॉ. अमित सुकोटी और उनकी टीम द्वारा संपन्न किया गया।

जानकारी के अनुसार शुभम पाण्डे (22) पिछले करीब तीन महीनों से पेट दर्द की समस्या से जूझ रहे थे। जांच के बाद चिकित्सकों ने लेप्रोस्कोपिक तकनीक से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। ऑपरेशन सफल रहा और मरीज को मात्र एक दिन में स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मरीज और उनके परिजनों ने चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया।

सीमित संसाधनों में बड़ी उपलब्धि

इस सफलता के केंद्र में रहे डॉ. अमित सुकोटी को क्षेत्र के कुशल और आधुनिक तकनीकों में पारंगत सर्जनों में गिना जाता है। सीमित संसाधनों के बीच जिस दक्षता और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने इस जटिल ऑपरेशन को अंजाम दिया, उसे जिला चिकित्सालय के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यदि जिला चिकित्सालय को आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षित स्टाफ और तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो भविष्य में यहां रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं भी शुरू हो सकती हैं। इससे कुमाऊं क्षेत्र के हजारों मरीजों को महानगरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

अब हर्निया का भी होगा लेप्रोस्कोपिक उपचार

डॉ. अमित सुकोटी ने बताया कि भविष्य में अस्पताल में हर्निया के मरीजों का भी IPOM विधि से लेप्रोस्कोपिक उपचार शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के जरिए मरीजों को कम दर्द, कम रक्तस्राव, जल्दी रिकवरी और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।

सामाजिक प्रयासों से मिली नई सुविधा

जिला चिकित्सालय में लेप्रोस्कोपिक सर्जरी सुविधा शुरू कराने में सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। उन्होंने लंबे समय से अस्पताल में लेप्रोस्कोपिक मशीन और जनरल एनेस्थीसिया (G.A.) मशीन उपलब्ध कराने को लेकर शासन और स्वास्थ्य विभाग के समक्ष लगातार प्रयास किए।

बताया गया कि इस परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों से पत्राचार किया गया और सूचना के अधिकार (RTI) का भी सहारा लेना पड़ा। लगातार प्रयासों के बाद आज जिला चिकित्सालय आधुनिक लेप्रोस्कोपिक सर्जरी की दिशा में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

पहले से हो रहे हैं गोलब्लैडर के ऑपरेशन

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष से जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में दूरबीन विधि से गोलब्लैडर (Gallbladder) के सफल ऑपरेशन भी लगातार किए जा रहे हैं। इससे स्थानीय मरीजों को काफी राहत मिली है और उन्हें उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ रहा।

पूरी टीम को मिली सराहना

प्रमुख अधीक्षक डॉ. एच.सी. गड़कोटी ने ऑपरेशन में शामिल पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय सीमित संसाधनों में भी मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

ऑपरेशन टीम में डॉ. अमित सुकोटी (जनरल सर्जन), डॉ. पल्लवी चौहान (निश्चेतक), नर्सिंग स्टाफ सरिता, प्रियंका और नेहा, वार्डबॉय धर्मेन्द्र, राजेन्द्र बिष्ट और शोभा शामिल रहे।

वहीं सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने कहा कि उनका प्रयास आगे भी यही रहेगा कि अल्मोड़ा के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने जिले में ही मिलें और छोटी-छोटी चिकित्सा सुविधाओं के लिए बाहर न जाना पड़े।

Share This Article
Leave a Comment