हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का आकलन तेज कर दिया है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने अधिकारियों की टीम के साथ ज्वालापुर रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न घाटों और प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक संचालन, पैदल मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया। मेलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
ज्वालापुर रेलवे स्टेशन रहेगा प्रमुख केंद्र
मेलाधिकारी ने ज्वालापुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए कहा कि कुंभ मेले के दौरान यह स्टेशन श्रद्धालुओं के आवागमन का प्रमुख केंद्र बनेगा। ऐसे में स्टेशन परिसर को पूरी तरह व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने रेलवे, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने रेलवे अधिकारियों से कुंभ मेले के दौरान ट्रेनों के संचालन, बोर्डिंग-डिबोर्डिंग व्यवस्था और यात्री प्रबंधन को लेकर विस्तृत कार्ययोजना मेला प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा।
तीन निकासी द्वार बनाने के निर्देश
मेलाधिकारी ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म और होल्डिंग एरिया की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर दूसरी ओर से प्रवेश मार्ग विकसित किया जाए और वर्तमान में मौजूद एक निकासी गेट के स्थान पर तीन निकासी द्वार बनाए जाएं।
इसके साथ ही स्टेशन परिसर में पेयजल, शौचालय और समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। स्टेशन के बाहर झूलते विद्युत तारों को हटाने के लिए यूपीसीएल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
घाटों और नहर पटरी मार्ग का भी किया निरीक्षण
ज्वालापुर स्टेशन के बाद मेलाधिकारी ने सिंहद्वार क्षेत्र, शंकराचार्य चौक, आसपास के घाटों तथा मायापुर रेगुलेटर से होकर गुजरने वाले नहर पटरी मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों के साथ श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम आवागमन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मेला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कुंभ-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु अनुकूल बनाने के लिए सभी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, सीओ कुंभ बिपेंद्र सिंह, सीओ जीआरपी अनुज सिंह सहित रेलवे और मेला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



