Ad image

नैनीताल झील में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, लगातार दूसरे दिन बरामद हुई लाश से सनसनी

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

नैनीताल। नैनीताल झील में शनिवार सुबह नयना देवी मंदिर के समीप एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव उतराता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। झील में शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंची और शव को झील से बाहर निकाला।

प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 45 से 55 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों से संपर्क किया जा रहा है और गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह का पता चल सकेगा।

गौरतलब है कि शुक्रवार को भी तल्लीताल क्षेत्र में झील से मल्लीताल निवासी 45 वर्षीय एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। लगातार दूसरे दिन झील से शव मिलने की घटना से लोगों में चिंता का माहौल है।

कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की गुमशुदगी की जानकारी हो या मृतक की पहचान के संबंध में कोई सूचना हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Share This Article
Leave a Comment