केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के गठन के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारिता सप्ताह (पखवाड़ा) 29 जून–06 जुलाई, 2026 के अवसर पर प्रथम दिवस सहकारिता विभाग एवं उत्तरकाशी जिला बैंक लि० की विभिन्न रोजगारपरक एवं स्वरोजगार योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने हेतु विकासखण्ड भटवाड़ी और डुंडा में तथा पी एम श्री रा बा ईं का उत्तरकाशी में सृष्टि सामाजिक संस्थान के स्वयं सहायता समूह “सृष्टि रंग मण्डल” के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
जिला सहकारी बैंक लि० द्वारा आयोजित और नाबार्ड द्वारा प्रायोजित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को सहकारिता विभाग एवं बैंक द्वारा संचालित रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं, वित्तीय समावेशन, डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग तथा बढ़ते डिजिटल फ्रॉड से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को साइबर ठगी से सतर्क रहने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन अपनाने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सहकारिता विभाग एवं बैंक की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर यह भी अवगत कराया गया कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 2026 को महिलाओं के कृषि क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को वैश्विक मान्यता प्रदान करने के उद्देश्य से “अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत महिला किसानों के सशक्तिकरण, कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
महिला स्वयं सहायता समूहों एवं महिला किसानों को विभिन्न योजनाओं से जोड़कर महिला सशक्तिकरण, सहकारिता के विस्तार तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पारित गुप्ता डीडीएम नबार्ड, महा प्रबंधक महेश महेश्वरी ,लीड बैंक ऑफिसर, जिला सहकारी बैंक साइबर सेल के अधिकारी बार्सू एवं नेताला पुजार गाव , ब्रह्मखाल समिति के सचिव, भटवाडी शाखा के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अनूप बडोला , अजय भंडारी, ब्रह्मखाल शाखा के मनीष, सत्यम बघेल , महर करन सिंह महिला उत्थान समिति ब्रह्मखाल के अलावा बैंक अधिकारियों की भी सक्रिय भागीदारी रही ।



