रामनगर। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कांग्रेस ने रामनगर में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन आयोजित कर शक्ति प्रदर्शन किया। शहर के एक निजी बैंक्वेट हॉल में आयोजित सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण मेहरा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश जोशी, पूर्व विधायक रंजीत रावत समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसे मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से निराश हो चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में परिवर्तन चाहती है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, जबकि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है। उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग हर दिन जान जोखिम में डालकर जीवन जीने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार इस समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में बदलाव का माहौल बन चुका है और 2027 में कांग्रेस सरकार बनाएगी।
पिथौरागढ़ विवाद पर बोले आर्य
पिथौरागढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। हालांकि, संगठन की मर्यादा और अनुशासन का पालन करना सभी के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर हर मुद्दे पर चर्चा के लिए पर्याप्त मंच उपलब्ध हैं।
भाजपा में ज्यादा मतभेद: करण मेहरा
कार्यक्रम के संयोजक और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण मेहरा ने कहा कि परिवर्तन संकल्प यात्रा को पूरे प्रदेश में जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि रामनगर इस यात्रा का अंतिम पड़ाव है और यहां उमड़ी भीड़ परिवर्तन की इच्छा का संकेत है।
कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर मेहरा ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के भीतर ही वर्तमान और पूर्व नेताओं के बीच मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं, जबकि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से कार्य करती है।
हरीश रावत के पोस्टर विवाद पर सफाई
हरीश रावत की तस्वीर कुछ पोस्टरों में नहीं होने के विवाद पर करण मेहरा ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्टर आधिकारिक नहीं थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के सभी अधिकृत बैनर और पोस्टरों में हरीश रावत को सम्मानजनक स्थान दिया गया था और इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से तूल दिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने सम्मेलन के माध्यम से 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का दावा दोहराया। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों की नजर अब इस बात पर रहेगी कि परिवर्तन संकल्प सम्मेलन का असर चुनावी मैदान में कितना दिखाई देता है।



