डोईवाला (देहरादून)। वन महोत्सव सप्ताह (1 से 7 जुलाई) के तहत उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के सचिव के निर्देशन में राजकीय प्राथमिक विद्यालय, गांधीग्राम बुल्लावाला में जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मारखम ग्रांट बुल्लावाला की पार्षद कुसुम शर्मा ने बच्चों को पौधारोपण के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि स्कूल और ग्रामसभा के सहयोग से क्षेत्र में चौड़े पत्तों वाले तथा फलदार वृक्ष लगाने के लिए जल्द ही ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कुसुम शर्मा के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुसुम शर्मा समय-समय पर विद्यालय और जरूरतमंद बच्चों की सहायता करती रही हैं। गर्मियों में विद्यालय में पंखों की व्यवस्था कराने के साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की फीस जमा कराने में भी उन्होंने सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों तक विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।
प्राविधिक कार्यकर्ता सरिता कुडियाल ने छात्र-छात्राओं को वनों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के जंगल केवल प्राकृतिक धरोहर ही नहीं, बल्कि लोगों की आजीविका और जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने ऐतिहासिक चिपको आंदोलन और हरेला पर्व का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश की संस्कृति प्रकृति संरक्षण से जुड़ी रही है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक फलदार, चारा देने वाले तथा चौड़े पत्तों वाले वृक्ष लगाने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि ऐसे वृक्ष पर्यावरण संरक्षण के साथ अधिक ऑक्सीजन उपलब्ध कराने में भी सहायक होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पशु-पक्षी बीजों के प्राकृतिक प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए जैव विविधता का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए अपने घरों से फूलों और पौधों का रोपण करने के लिए प्रेरित किया गया। सरिता कुडियाल ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी देते हुए नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया।
अंत में पार्षद कुसुम शर्मा ने छात्र-छात्राओं को बिस्किट वितरित किए। कार्यक्रम में चंद्र प्रकाश पाल, अरुण नीठाणी, सरिता रावत, सुभाष, राजकुमार, विद्यालय के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



