रामनगर। रामनगर कोतवाली पुलिस ने खताड़ी चौकी क्षेत्र में कथित गोवंश कटान के मामले का खुलासा करते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से संदिग्ध गोमांस, गोवंश की खाल और कटान में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मंगलवार तड़के करीब तीन बजे नाइट ड्यूटी के दौरान सूचना मिली कि बड़ी मस्जिद के पीछे स्थित स्लॉटर हाउस के पीछे कुछ लोग अवैध रूप से गोवंश का कटान कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर तलाशी के दौरान खून के ताजा निशान मिले। निशानों का पीछा करने पर तीन अलग-अलग स्थानों से संदिग्ध गोमांस बरामद हुआ। इसके अलावा गोवंश की खाल, एक चापड़, तीन चाकू और एक रेतीदार लोहे का हथियार भी बरामद किया गया। पुलिस ने सभी बरामद सामग्री को सील कर कब्जे में ले लिया।
मामले की सूचना पर पशुपालन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद बरामद मांस के नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए। पुलिस ने पंचनामा भरकर साक्ष्यों को फोरेंसिक परीक्षण के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम, 2007 की धारा 3, 5 और 11 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।
इस बीच भाजपा नेता मदन जोशी ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।



