Ad image

दून मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों-कर्मियों के ड्रेस कोड पर सख्ती

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों के ड्यूटी के दौरान पहनावे को लेकर अस्पताल प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। प्रशासन ने सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने के निर्देश दिए हैं। डॉक्टरों को ड्यूटी के दौरान कम से कम एप्रन पहनना अनिवार्य किया गया है।

मरीजों को डॉक्टरों की पहचान में हो आसानी

कैंसर रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दौलत सिंह ने कहा कि अस्पताल में कई चिकित्सक ड्रेस कोड का पालन करते हैं, जबकि कुछ डॉक्टर जींस-टीशर्ट पहनकर ड्यूटी करते हैं। इससे अस्पताल के माहौल और व्यवस्था पर असर पड़ता है। साथ ही वरिष्ठ चिकित्सकों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की पहचान उनके पहनावे से भी होनी चाहिए। यदि कोई चिकित्सक सामान्य शर्ट पहनकर बैठा हो तो मरीज और तीमारदारों के लिए यह पहचानना मुश्किल हो सकता है कि वह डॉक्टर है। ऐसे में चिकित्सकों के लिए कम से कम एप्रन पहनना जरूरी होना चाहिए। इससे मरीजों को डॉक्टरों की पहचान करने में आसानी होगी और अस्पताल की गरिमा भी बनी रहेगी।

आदेश का पालन नहीं करने पर कार्रवाई

अस्पताल प्रशासन ने सभी विभागों को ड्रेस कोड का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। बताया गया कि ड्रेस कोड को लेकर पूर्व में भी निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन कुछ डॉक्टर और कर्मचारी उनका पालन नहीं कर रहे हैं। अब प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित ड्रेस कोड का पालन नहीं करने पर संबंधित के खिलाफ प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की जा सकती है।

Share This Article
Leave a Comment