राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता, रायपुर, देहरादून में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एनसीसी कैडेटों का चयन किया गया। गुरुवार को 11 उत्तराखंड वाहिनी एनसीसी, देहरादून की ओर से आयोजित चयन प्रक्रिया में 15 नए कैडेटों का नामांकन हुआ। इनमें 10 छात्र और पांच छात्राएं शामिल हैं।
नए कैडेटों के शामिल होने के बाद महाविद्यालय में एनसीसी कैडेटों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। महाविद्यालय में कुल 53 कैडेटों की स्वीकृत संख्या है। कैडेटों का चयन शारीरिक दक्षता परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर किया गया।
इस अवसर पर एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट डॉ. योगेश चंद्र नैनवाल, प्रभारी प्राचार्या प्रो. मधु थपलियाल सहित एनसीसी के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विनोद प्रकाश अग्रवाल ने चयनित कैडेटों को बधाई दी। उन्होंने चयन से वंचित छात्र-छात्राओं को निराश न होने और भविष्य में बेहतर तैयारी के साथ प्रयास करने की सलाह दी।



