Ad image

शुक्रवार रात शहर में ब्लैकआउट मॉकड्रिल, सायरन के साथ परखी जाएगी आपदा तैयारी

Ramesh Kuriyal
1 Min Read

देहरादून: शहर में शुक्रवार रात आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारियों को परखने के लिए ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान रात 10 बजे से लगभग 30 मिनट के लिए शहर के कई प्रमुख इलाकों में बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी और आपातकालीन सायरन बजाए जाएंगे।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह मॉकड्रिल भारत सरकार के निर्देश पर आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य नागरिक सुरक्षा तंत्र की तत्परता, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना है।

मॉकड्रिल के तहत आईएसबीटी, रायपुर, घंटाघर और आराघर क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है। निर्धारित समय पर इन इलाकों में स्ट्रीट लाइट, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की लाइटें बंद रहेंगी। मॉकड्रिल शुरू होने से पहले सायरन बजाकर लोगों को संकेत दिया जाएगा, ताकि वे इस अभ्यास से अवगत रह सकें।

बृहस्पतिवार को हुई तैयारियों की समीक्षा बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि मॉकड्रिल के दौरान घबराएं नहीं और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को प्रभावी ढंग से परखा जा सके।

Share This Article
Leave a Comment