ट्रैफिक कट बंद होने से क्षेत्रवासियों में आक्रोश, सुभाष भट्ट ने की मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की अपील

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून। जोगीवाला चौक पर ट्रैफिक कट बंद होने से क्षेत्रवासियों में भारी असंतोष देखा जा रहा है। इस निर्णय से स्थानीय लोगों को अपने घर, कार्यालय और कार्यस्थल पर आने-जाने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुभाष भट्ट ने इस मुद्दे को उठाते हुए क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर प्रशासन से इस समस्या के समाधान की मांग की है।

सुभाष भट्ट कहना है कि प्रशासन द्वारा मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए कुछ मुख्य कट बंद कर दिए गए हैं, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो गई है। फ्लाईओवर के नीचे कट बंद होने के कारण लोग गलत दिशा में गाड़ी चलाने के लिए मजबूर हो रहे हैं, जिससे ट्रैफिक जाम और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय समय और धन की बर्बादी के अलावा कुछ नहीं है, और इससे आम जनता को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे तेल खर्च भी बढ़ गया है।

भट्ट ने सुझाव दिया कि जोगीवाला चौक पर एक रेड लाइट लगाई जाए और चौक का चौड़ीकरण पूरा होने के बाद इसे परीक्षण के रूप में लागू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शहर के अन्य चौराहों की तरह, जहां यातायात पुलिस ट्रैफिक को व्यवस्थित तरीके से संचालित कर रही है, जोगीवाला चौक पर भी यही व्यवस्था लागू की जा सकती है।

इसके साथ ही, भट्ट ने प्रशासन द्वारा वेडिंग प्वाइंट्स की अनुमति दिए जाने पर भी सवाल उठाया है, जबकि मौजूदा सड़कें भारी ट्रैफिक का भार नहीं सह पाती हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासी पहले से ही रेलवे फाटक की समस्या से जूझ रहे हैं और अब इस नई समस्या ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है।

सुभाष भट्ट ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपनी शिकायतें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1905 पर दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि यदि इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वह एक प्रतिनिधिमंडल के साथ माननीय मुख्यमंत्री से मिलकर समाधान की अपील करेंगे। आर.के.पुरम निवासियों ने भी इस समस्या को सुलझाने की मांग की है।

Share This Article
Leave a Comment