Ad image

उत्तराखंड में भाजपा का बूथ जीतो अभियान इसी महीने

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ भाजपा इसी महीने से ‘बूथ जीतो’ अभियान शुरू करेगी। संगठन महासचिव बीएल संतोष की अध्यक्षता में हुई राज्य कोर ग्रुप की करीब तीन घंटे चली बैठक में चुनावी रणनीति को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कोर ग्रुप के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बैठक में संघ और भाजपा के आंतरिक सर्वे पर आधारित रिपोर्ट पर गंभीर मंथन किया गया। खासतौर पर उन विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की गई, जहां पार्टी को पिछले चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। बीते विधानसभा चुनाव में हारी 27 सीटों को भाजपा ने मुख्य फोकस में रखा है।

12 हजार बूथों पर मतदाताओं से सीधा संवाद

भाजपा की रणनीति के तहत राज्य के करीब 12 हजार मतदान केंद्रों से जुड़े मतदाताओं से साल के अंत तक सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। इसके लिए बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और स्थानीय मुद्दों को समझकर उनके समाधान की दिशा में काम करने पर जोर दिया गया।

विधायकों की नाराजगी दूर करने पर जोर

बैठक में कुछ विधायकों के खिलाफ स्थानीय स्तर पर सामने आ रही नाराजगी को भी गंभीरता से लिया गया। राज्य इकाई को ऐसे विधायकों को उनके क्षेत्र में किए गए वादों को पूरा करने और जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने के निर्देश देने को कहा गया है।

अगले महीने से नेताओं का क्षेत्रवार प्रवास

भाजपा सांसदों, विधायकों, मंत्रियों, पूर्व मंत्रियों और पूर्व सांसदों का अगले महीने से अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कार्यक्रम शुरू करेगी। चिन्हित क्षेत्रों में इन नेताओं को रात्रि विश्राम भी करना होगा। इसके जरिए कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ सीधा संवाद बढ़ाने की रणनीति बनाई गई है।

सितंबर से केंद्रीय नेताओं के दौरे

बैठक में सितंबर से केंद्रीय नेताओं के उत्तराखंड दौरे की रूपरेखा तैयार करने पर भी चर्चा हुई। वहीं, चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक प्रधानमंत्री की राज्य के अलग-अलग हिस्सों में जनसभाओं का खाका तैयार करने के निर्देश प्रदेश संगठन को दिए गए हैं।

इसी महीने शुरू होगी विकास यात्रा

भाजपा इसी महीने से विकास यात्रा शुरू करने की तैयारी में है। इसके साथ ही महिलाओं को केंद्र में रखते हुए लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। पार्टी इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि आगामी चुनाव की तैयारियों को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए और संगठन के वरिष्ठ नेताओं को चुनावी रणनीति के तहत लगातार क्षेत्रों में सक्रिय रखा जाए। भाजपा का लक्ष्य संगठन की मजबूती, स्थानीय नाराजगी दूर करने और सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाकर आगामी चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करना है।

Share This Article
Leave a Comment