Ad image

गंगोत्री हाईवे कई दिनों से बंद, लगातार मलबा आने से मुश्किलें बढ़ीं

Ramesh Kuriyal
1 Min Read

उत्तरकाशी। धराली–हर्षिल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई दिनों से लगातार बंद पड़ा है। जगह-जगह भूस्खलन और मलबा आने से बीआरओ के लिए सड़क खोलना बड़ी चुनौती बन गया है।

जिले के डबरानी, सोनगाड़, लोहारीनाग, हर्षिल और धराली में लगातार मलबा आने व भूस्खलन की वजह से सड़क बंद है। जिला प्रशासन के अनुसार बीआरओ की टीमें दिन-रात युद्धस्तर पर काम कर रही हैं, लेकिन मार्ग खोलने में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं।

धराली क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हो रहे हैं। नेलांग मार्ग खुला है, मगर यहां भी मलबा गिरने से खतरा बना हुआ है। प्रभावित गांवों में जरूरी वस्तुएं हेलीकॉप्टर से पहुंचाई जा रही हैं।

भटवाड़ी–चटवाली के बीच घोंचाला नामक स्थान पर आए दिन भूस्खलन बीआरओ के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। बारिश होने पर यहां बार-बार सड़क धंस रही है। कई जगहों पर अस्थायी पुल व सड़कें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।

बीआरओ अधिकारियों ने बताया कि मार्ग खोलने का कार्य लगातार प्रगति पर है, लेकिन भारी बारिश और लगातार भूस्खलन से मुश्किलें कम होने के बजाय और बढ़ रही हैं।

Share This Article
Leave a Comment