Ad image

5 दिन की सर्च के बाद जंगल से सकुशल मिली लापता युवती

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

रानीखेत। मजखाली क्षेत्र से करीब एक सप्ताह से लापता 28 वर्षीय युवती को अल्मोड़ा पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने पांच दिन तक चले सघन खोज अभियान के बाद सकुशल बरामद कर लिया। लगातार बारिश, दुर्गम पहाड़ी रास्तों और घने जंगलों के बीच चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मंगलवार शाम सुंदरखाल के जंगल से युवती को सुरक्षित निकाला गया।

पुलिस के अनुसार, रानीखेत निवासी गिरीश पुजारी ने तीन जुलाई को कोतवाली रानीखेत में अपनी 28 वर्षीय बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। युवती एक जुलाई की शाम घर से बिना किसी को बताए चली गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगने पर पुलिस से मदद मांगी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पीएसी, डॉग स्क्वॉड और वन विभाग की संयुक्त टीमों ने मजखाली, कालिका, दलमोटी, सुंदरखाल और बूबूधाम के जंगलों में व्यापक स्तर पर सर्च अभियान चलाया। जांच के दौरान 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जबकि दुर्गम क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों की मदद से भी तलाश की गई।

मंगलवार शाम संयुक्त टीम को सुंदरखाल गांव से करीब चार किलोमीटर दूर घने जंगल में युवती मिली। उसकी हालत कमजोर होने के कारण मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने स्ट्रेचर की सहायता से करीब छह किलोमीटर पैदल चलकर उसे मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से एंबुलेंस के जरिए राजकीय चिकित्सालय रानीखेत भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि युवती की हालत फिलहाल स्थिर है। उससे पूछताछ कर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वह जंगल तक कैसे पहुंची और इतने दिनों तक वहां किन परिस्थितियों में रही। मामले की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment