
लंबगांव (प्रतापनगर)। कस्तूरबा गांधी दिवस के अवसर पर प्रतापनगर नागरिक सम्मान मंच की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त एयर वाइस मार्शल राजेश भंडारी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को जनभूषण एवं जनश्री सम्मान से सम्मानित किया गया।
रविवार को अटल आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज, लंबगांव में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक विक्रम सिंह नेगी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर पट्टी रैका के पडिया गांव निवासी सेवानिवृत्त एयर वाइस मार्शल राजेश भंडारी को प्रतापनगर जनभूषण सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं डॉ. स्व. चतर सिंह रावत एवं पूर्व सांसद स्व. परिपूर्णानंद पैन्यूली को मरणोपरांत जनभूषण सम्मान प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त मेजर विवेक असवाल, लेफ्टिनेंट आयुष उनियाल एवं आईईएस अधिकारी अंजू भट्ट को प्रतापनगर जनश्री सम्मान से सम्मानित किया गया।
मद्यनिषेध एवं महिला मंगल दलों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली भरपूर गांव निवासी स्व. बरदेई देवी कलूड़ा, नाग गांव की स्व. धनेश्वरी देवी एवं रैका गांव के स्व. बालम सिंह बिष्ट को मरणोपरांत जनश्री सम्मान प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना एक सराहनीय पहल है। इससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और अन्य लोग भी प्रेरित होते हैं।
मंच के अध्यक्ष धूम सिंह रांगड़ ने कहा कि कस्तूरबा गांधी दिवस पर प्रतिवर्ष विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाता है।
इस अवसर पर नगर पालिका टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड़, ज्येष्ठ प्रमुख प्रकाश रमोला, कनिष्ठ प्रमुख विशन सिंह रांगड़, मंच के महामंत्री द्वारिका प्रसाद भट्ट, उपाध्यक्ष युद्धवीर राणा, मंच समन्वयक रमेश कुडियाल, चारधाम यात्रा समिति के अध्यक्ष नवीन रमोला, पूर्व राज्यमंत्री अतर सिंह तोमर, न्यू टिहरी प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष शशिभूषण भट्ट, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पंवार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

