प्रो.तलवाड़ स्पर्श गंगा शिक्षा श्री सम्मान के लिए चयनित

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

चकराता। शिक्षक दिवस के अवसर पर हिमालयन एजुकेशन रिसर्च एंड डेवेलपमेंट सोसाइटी(हर्ड्स) कीओर से चकराता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.के.एल.तलवाड़ को स्पर्श गंगा शिक्षा श्री सम्मान 2021 के लिए चयनित किया गया है।

राज्य भर से चयनित पांच प्राध्यापकों में से एक प्रो.तलवाड़ भी हैं। प्रो.के.एल.तलवाड़ ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उत्तरकाशी जिला समन्वयक के पद पर कार्य करते हुए बड़कोट महाविद्यालय से स्पर्श गंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। स्पर्श गंगा अभियान के शुभारंभ दिवस पर 17 दिसंबर 2009 को गंगा एवं यमुना घाटी के 55 इंटर कॉलेजों व महाविद्यालयों के सैकड़ों एन.एस.एस. स्वयंसेवियों के सहयोग से गंगा, यमुना व सहायक नदियों के तटों से टनों कूड़ा निकालकर अभियान में उत्तरकाशी जनपद की महत्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज की।अभियान की सफलता के लिए जनजागरण के उद्देश्य से अनेकों नारों की रचना की,जिसे सम्मान देते हुए बोर्ड ने इन्हें स्पर्श गंगा स्मारिका में प्रकाशित भी किया।इनमें से कई नारे समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचारों के शीर्षक भी बने।एन.एस.एस. के राज्य स्तरीय न्यूज लैटर ‘युवा संकल्प’ के संपादक के रूप में जुलाई 2011 से विभिन्न अंकों में स्पर्श गंगा अभियान के समाचारों को प्रमुखता से सचित्र प्रकाशित किया।डोईवाला महाविद्यालय में कार्य करते हुए विभिन्न जनजागरण रैलियों और स्थानीय नदियों के तटों पर स्वच्छता अभियान आयोजित करवाये और महाविद्यालय के न्यूज लैटर ‘संस्था दर्पण’ के संपादक के रूप में इन कार्यक्रमों को सचित्र प्रकाशित किया।

चकराता महाविद्यालय के प्राचार्य के रूप में विगत ढा़ई वर्षों से एन.एस.एस.के तत्वावधान में सिंगल यूज प्लास्टिक का परित्याग, पुराने कपड़ो से थैलों का निर्माण, पर्यावरण संरक्षण हेतु मानव श्रृंखला, हिमालय बचाओ प्रतिज्ञा एवं स्वच्छता अभियान का समय-समय पर आयोजन करवाया।स्वरचित पुस्तक ‘एन.एस.एस.- बी व सी प्रमाण पत्र परीक्षा’ के लिए स्पर्श गंगा अभियान से जुड़े वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की रचना की।उल्लेखनीय है कि स्पर्श गंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिये, अभियान के दस वर्ष पूर्ण होने पर गढ़वाल विश्वविद्यालय के ‘उमंग'(यूनिवर्सिटी मिशन ऑफ नमामि गंगे) प्रकोष्ठ ने 17 दिसम्बर को मुनि की रेती ऋषिकेश में, जहां से इस अभियान की भव्य शुरुआत हुई थी,प्रो.तलवाड़ को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। उल्लेखनीय है कि सामाजिक कार्यों में विशेष रूचि रखने वाले प्रो.तलवाड़ अपने स्व.पिता श्री सांई दास तलवाड़ की स्मृति में महाविद्यालय के सर्वोच्च मेधावी विद्यार्थियों को नकद छात्रवृति देकर सम्मानित भी करते हैं।

Share This Article
Leave a Comment