Ad image

अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रांतीय एवं जिला सम्मेलन संपन्न

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ, उत्तराखंड का प्रांतीय एवं जिला सम्मेलन और शैक्षिक विचार गोष्ठी हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज, लक्ष्मण चौक में आयोजित की गई। सम्मेलन का शुभारंभ सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि एवं मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि युवा कल्याण राज्य मंत्री कुंदन लटवाल तथा पूर्व महापौर देहरादून सुनील उनियाल गामा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

शैक्षिक विचार गोष्ठी में एससीईआरटी के विषय विशेषज्ञ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नीति के उद्देश्यों, महत्व और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में इसके प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर चर्चा की।

राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, चुनौतियों और उनके समाधान को लेकर विचार-विमर्श महत्वपूर्ण है। शिक्षा राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और इसे मजबूत करने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सरकार राज्य की शिक्षा व्यवस्था को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक, समावेशी और रोजगारपरक बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन

संघ के प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजलवाण और प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी ने कहा कि अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की लंबित मांगों को संकलित कर मुख्यमंत्री और संबंधित शिक्षा मंत्रियों के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने मांगों के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने की बात कही।

राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने कहा कि संगठन के पदाधिकारियों, विभागीय अधिकारियों और शासन के प्रतिनिधियों के साथ त्रिपक्षीय वार्ता कराकर अशासकीय विद्यालयों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर वार्ता का आश्वासन दिया।

नई प्रांतीय और जिला कार्यकारिणी का गठन

सम्मेलन के दौरान सर्वसम्मति से संघ की नई प्रांतीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। अनिल नौटियाल को प्रांतीय अध्यक्ष, महादेव मैठाणी को प्रांतीय महामंत्री और मनमोहन सिंह नेगी को प्रांतीय कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

इसी क्रम में देहरादून जनपद की नई कार्यकारिणी में दिनेश डोबरियाल को जिला अध्यक्ष, महावीर सिंह मेहता को जिला महामंत्री और गिरीश सेमवाल को जिला कोषाध्यक्ष चुना गया।

सम्मेलन के अंत में संघ के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष स्वर्गीय राजे सिंह नेगी को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम का संचालन सम्मेलन संयोजक एवं जिला अध्यक्ष अनिल कुमार नौटियाल ने किया। सम्मेलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों से जुड़े विभिन्न शैक्षिक और सेवा संबंधी मुद्दों पर चर्चा की गई। सम्मेलन में संघ के प्रांतीय, मंडलीय एवं जिला पदाधिकारियों सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए शिक्षक मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment