उत्तरकाशी। ट्रक रेट सभागार में आजादी के अमृत वर्ष के अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों और वीर सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया जा रहा था। इसी दौरान सियाणा क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर कलक्ट्रेट परिसर पहुंचीं। महिलाओं ने डीएम और विधायक से क्षेत्र में जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की।
नगर पालिका क्षेत्र के सियाणा-लड़ाई वार्ड की महिलाओं ने कहा कि बारिश के दौरान एनआईएम से लेकर आसपास की कॉलोनियों और घरों में पानी घुस रहा है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और मकानों को भी नुकसान का खतरा बना हुआ है। महिलाओं ने पहले एडीएम, इसके बाद डीएम और विधायक से मुलाकात कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई।
महिलाओं ने कहा कि क्षेत्र में जल निकासी के लिए सिंचाई विभाग की नहर का उपयोग किया जा सकता है। इसके माध्यम से बरसाती पानी की निकासी की उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने जलभराव से निपटने के लिए जल संग्रहण टैंक और वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाने की मांग भी की। महिलाओं का कहना था कि यदि बारिश के पानी को संग्रहित करने की व्यवस्था की जाए तो जलभराव की समस्या काफी हद तक कम की जा सकती है।
सिंचाई विभाग को दिए निर्देश
डीएम और विधायक सुरेश चौहान ने समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। अधिकारियों का कहना है कि जल निकासी की व्यवस्था के लिए सिंचाई विभाग को निर्देशित किया गया है। वहीं, प्रशासन ने लोगों से रास्तों और नालों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। प्रशासन के अनुसार कई स्थानों पर रास्तों और नालों पर अतिक्रमण के कारण बारिश के पानी की निकासी बाधित हो रही है, जिससे जलभराव की समस्या बढ़ रही है।
क्षेत्र में निरीक्षण की मांग पर अड़ी रहीं महिलाएं
महिलाएं काफी देर तक विधायक से क्षेत्र में पहुंचकर मौके का निरीक्षण करने की मांग करती रहीं। विधायक सुरेश चौहान का कहना था कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए निर्देशित कर दिया है। हालांकि, महिलाओं के आग्रह के बाद विधायक ने डीएम और संबंधित अधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट में बैठक की। बैठक में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए।



