राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज में सड़क सुरक्षा विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

जनपद टिहरी गढ़वाल में सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग, टिहरी गढ़वाल द्वारा राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज, बोराड़ी में सड़क सुरक्षा विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देना, सुरक्षित सड़क व्यवहार को बढ़ावा देना तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रति जागरूक करना रहा।

इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सड़क सुरक्षा विषय पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपने चित्रों के माध्यम से हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, तेज गति से होने वाली दुर्घटनाओं के दुष्परिणाम, यातायात संकेतों का पालन तथा सुरक्षित ड्राइविंग जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं विषय की समझ सराहनीय रही।

चित्रकला प्रतियोगिता के परिणाम स्वरूप उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान साहिल, द्वितीय स्थान समर तथा तृतीय स्थान प्रवेश ने प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को परिवहन विभाग द्वारा प्रोत्साहन प्रदान किया गया।

इस अवसर पर परिवहन विभाग की ओर से सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) नीलेश मजुमदार, प्रभारी इंटरसेप्टर नरेन्द्र मियां, परिवहन सहायक निरीक्षक नवीन गोस्वामी एवं अर्जुन सिंह, परिवहन आरक्षी रोहन सजवाण उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाचार्य सुरेश कुमार उनियाल, समस्त अध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।

Share This Article
Leave a Comment