Ad image

दून में सिंगल यूज प्लास्टिक पर बैन बेअसर, गर्म खाने की पैकिंग में खुला उल्लंघन

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून। केंद्र सरकार द्वारा एक जुलाई 2022 से सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण, बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद राजधानी दून में इसका खुलेआम उल्लंघन जारी है। होटल, रेस्तरां, ढाबे और स्ट्रीट फूड स्टॉल पर गर्म खाद्य पदार्थों को सिंगल यूज प्लास्टिक में पैक कर परोसा जा रहा है, जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

शहर में अधिकांश प्रतिष्ठान नियमों को दरकिनार कर न केवल प्लास्टिक में खाना पैक कर रहे हैं, बल्कि परोसने के लिए भी इसी का इस्तेमाल कर रहे हैं। खास बात यह है कि यह लापरवाही ऐसे समय में हो रही है, जब प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

ऑनलाइन डिलीवरी में भी खतरा
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बड़ी संख्या में लोग Swiggy और Zomato जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निर्भर हैं। अधिकांश रेस्तरां इनसे जुड़े हैं, लेकिन डिलीवरी के दौरान भोजन की पैकिंग में निम्न गुणवत्ता के प्लास्टिक का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्लास्टिक के डिब्बे, पैकिंग प्लेट्स और मल्टी लेयर्ड पैकेजिंग के साथ भोजन पहुंचाया जा रहा है। साथ ही प्लास्टिक के चम्मच और फोर्क भी बेधड़क दिए जा रहे हैं।

गर्म भोजन के साथ बढ़ता खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार, जब गर्म खाना प्लास्टिक के संपर्क में आता है तो उसमें मौजूद हानिकारक केमिकल भोजन में घुलने लगते हैं, जिसे ‘केमिकल लीचिंग’ कहा जाता है। इससे बीपीए, फ्थैलेट्स और स्टाइरीन जैसे तत्व निकलते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हैं। इसके कारण पेट दर्द, उल्टी, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जबकि लंबे समय तक उपयोग से हार्मोन असंतुलन, प्रजनन क्षमता पर असर, कैंसर का खतरा और लिवर-किडनी पर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं।

मल्टी लेयर्ड पैकिंग भी सुरक्षित नहीं
कई रेस्तरां सुरक्षित पैकिंग के नाम पर फॉयल जैसी दिखने वाली मल्टी लेयर्ड थैलियों का उपयोग कर रहे हैं। हालांकि इनमें अंदर प्लास्टिक की परत होती है, जो गर्म भोजन के संपर्क में आकर पिघल सकती है और हानिकारक रसायन छोड़ती है।

क्या हैं सुरक्षित विकल्प

  • फूड ग्रेड और मजबूत डिब्बों का उपयोग
  • भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) या FSSAI से प्रमाणित पैकेजिंग
  • रीयूजेबल या रिसाइक्लेबल प्लास्टिक
  • बगास (गन्ने के रेशे) से बने बॉक्स
  • फूड ग्रेड पेपर पैकेजिंग
  • पत्तल और दोना जैसे पारंपरिक विकल्प

जांच और कार्रवाई के निर्देश
उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी नरेश गोस्वामी ने कहा कि गर्म खाद्य पदार्थों को सिंगल यूज प्लास्टिक में पैक कर डिलीवर करना प्रतिबंधित है। इस संबंध में जांच की जाएगी और उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment