सहसपुर में एसआईआर शिविरों का डीएम ने किया निरीक्षण, बोले- कोई पात्र मतदाता सूची से न छूटे
देहरादून, 6 अगस्त। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गुरुवार को सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित दावों और आपत्तियों के निस्तारण के लिए लगाए गए विशेष शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से प्राप्त दावों-आपत्तियों, उनके सत्यापन की प्रगति और अभिलेखों के रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
डॉ. चौहान ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता से सीधे जुड़ा है। इसलिए अभियान में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाए तथा सभी प्रक्रियाएं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी की जाएं।
उन्होंने बूथों पर आने वाले नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और महिलाओं को प्राथमिकता देने के साथ ही आवश्यक प्रपत्र और अभिलेख पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने को कहा। नागरिकों को दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को एसआईआर के तहत प्राप्त प्रत्येक आवेदन का तथ्यात्मक सत्यापन सुनिश्चित करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान की नियमित मॉनिटरिंग और प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट देहरादून राकेश तिवारी, निर्वाचन से जुड़े अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, बीएलओ समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यालय जिला सूचना अधिकारी, देहरादून



