देहरादून। दून विश्वविद्यालय में गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामयी उपस्थिति में दीक्षारंभ कार्यक्रम ‘युवा संवाद’ का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की केंद्रीय लाइब्रेरी, स्कूल ऑफ बायोलॉजिकल साइंसेज के नवनिर्मित भवन और दून विश्वविद्यालय कम्युनिटी रेडियो 88.4 एफएम का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय लाइब्रेरी का नाम भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर रखने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, विधायक विनोद चमोली और अन्य गणमान्यों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने नवागंतुक छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के विकास के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार जताया।
भाषाओं के विभागों में शैक्षणिक पदों को मंजूरी
मुख्यमंत्री धामी ने ‘युवा संवाद’ को संबोधित करते हुए नवागंतुक विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वविद्यालय के बेहतर भविष्य के लिए कई घोषणाएं कीं। स्कूल ऑफ लैंग्वेज के स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चीनी, जापानी और अंग्रेजी भाषा विभागों में यूजीसी के नियमानुसार शैक्षणिक पदों को स्वीकृति देने की बात कही।
इसके अलावा सामुदायिक रेडियो के संचालन के लिए समन्वयक और तकनीकी सहायक के दो पदों पर नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई। विद्यार्थियों की परिवहन संबंधी समस्या को देखते हुए विश्वविद्यालय को दो इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने की सहमति भी मुख्यमंत्री ने दी।
एआई और मशीन लर्निंग में आगे बढ़ने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने युवाओं से देश के प्रति समर्पित रहते हुए बदलती तकनीक के अनुरूप खुद को तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक विषयों में अकादमिक रूप से आगे बढ़ने तथा शोध को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
‘युवा संवाद’ में विद्यार्थियों ने स्किल डेवलपमेंट, खटीमा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में नए शिक्षण संस्थान खोलने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, मानसिक स्वास्थ्य के लिए काउंसिलिंग सुविधाओं को मजबूत करने, रोड सेफ्टी और ट्रैफिक व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सवालों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर शैक्षणिक और शोध संस्थानों को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास के लिए ऐसा मॉडल तैयार किया जाना चाहिए, जिसमें राज्य की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण के बीच संतुलन बना रहे। उन्होंने युवाओं को भविष्य में होने वाले तेजी से बदलावों के लिए तैयार रहने की सलाह दी।
सिटी मैनेजमेंट को बढ़ावा देने पर जोर
कार्यक्रम में विशेष अतिथि विधायक विनोद चमोली ने दून विश्वविद्यालय की अकादमिक गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय में संचालित अर्बन मैनेजमेंट पाठ्यक्रम में सिटी मैनेजमेंट विषय को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में बेहतर मैनेजर तैयार होंगे, जो राज्य और शहरों की दिशा बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अकादमिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनने का आह्वान किया, ताकि देश का भविष्य सुरक्षित और बेहतर बनाया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव दुर्गेश डिमरी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. एचसी पुरोहित ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



