
देहरादून, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जनवरी-2026 सत्र के नए प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 मार्च कर दी है। विश्वविद्यालय ने यह निर्णय छात्रों की सुविधा और अधिकाधिक अभ्यर्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से लिया है।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र देहरादून के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे प्रवेश का यह अंतिम अवसर न चूकें और निर्धारित तिथि तक अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है।
इच्छुक अभ्यर्थी 15 मार्च तक विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान वैध ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर का उपयोग करना अनिवार्य है। साथ ही शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की स्कैन कॉपी अपलोड कर निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा।
उन्होंने कहा कि आवेदन फॉर्म भरते समय सभी विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज करें। गौरतलब है कि इग्नू कला, वाणिज्य, विज्ञान, शिक्षा, प्रबंधन, सामाजिक विज्ञान, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य और कृषि सहित कई विषयों में पाठ्यक्रम संचालित करता है। विश्वविद्यालय अध्ययन सामग्री, ऑनलाइन कक्षाएं, परामर्श सत्र और परीक्षा सुविधाएं भी उपलब्ध कराता है, जिससे विद्यार्थियों को निरंतर शैक्षणिक सहयोग मिलता है।





