Ad image

लखवाड़ बांध परियोजना में बड़ा हादसा टला

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। यमुना घाटी में निर्माणाधीन लखवाड़ बांध परियोजना स्थल पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लगातार बारिश के बीच पहाड़ से अचानक भारी मात्रा में मलबा गिरने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि समय रहते जेसीबी चालक वाहन से कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद कार्यदायी एजेंसी पर खराब मौसम के बावजूद काम जारी रखने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

वायरल वीडियो के अनुसार, परियोजना स्थल पर तेज बारिश के बीच एक जेसीबी पहाड़ के नजदीक मलबा हटाने का कार्य कर रही थी। इसी दौरान अचानक पहाड़ दरकने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने पहले जेसीबी को पीछे हटाने का प्रयास किया और फिर तुरंत वाहन से कूदकर सुरक्षित स्थान की ओर भाग गया। कुछ ही क्षण बाद भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गिरा। गनीमत रही कि चालक उसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।

वीडियो बनाने वाला व्यक्ति कार्यदायी एजेंसी के प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए यह कहते हुए सुनाई देता है कि, “रुके रहो, जीएम साहब ने बोला है काम चला कर रखो।” वह आगे कहता है कि जेसीबी चालक जान बचाने के लिए भाग रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि मौसम विभाग ने क्षेत्र में भारी बारिश को लेकर हाई अलर्ट जारी किया था। जिला प्रशासन ने भी सतर्कता बरतने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद परियोजना स्थल पर कार्य जारी रहने को लेकर कार्यदायी एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वहीं, कार्यदायी एजेंसी एलएंडटी के महाप्रबंधक ए.पी. सिंह ने कहा कि बांध स्थल पर जेसीबी से मलबा हटाने का कार्य नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि कंपनी कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और सभी कार्य निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कराए जा रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment