Ad image

अब स्मार्ट मीटर करेगा खतरे से आगाह

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए एक नई सुरक्षा सुविधा शुरू की है। अब स्मार्ट मीटर केवल बिजली की खपत दर्ज करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि घर की विद्युत वायरिंग या उपकरणों में अर्थ लीकेज होने पर उपभोक्ताओं को तुरंत सतर्क भी करेगा। इसके लिए यूपीसीएल ने पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस अलर्ट भेजने की व्यवस्था लागू कर दी है।

यूपीसीएल के अनुसार यदि किसी घर की वायरिंग या किसी विद्युत उपकरण में अर्थ लीकेज होता है, तो स्मार्ट मीटर इसे तुरंत पहचान लेगा। इसके बाद मीटर पर अर्थ लीकेज का संकेत दिखाई देगा और उपभोक्ता के मोबाइल पर तत्काल अलर्ट संदेश भेजा जाएगा। इससे उपभोक्ता समय रहते वायरिंग और उपकरणों की जांच कराकर संभावित दुर्घटनाओं से बच सकेंगे।

निगम का कहना है कि आधुनिक तकनीक से लैस यह सुविधा न केवल अनावश्यक बिजली की खपत को नियंत्रित करेगी, बल्कि बिजली का झटका लगने और शॉर्ट सर्किट से आग लगने जैसी घटनाओं के जोखिम को भी काफी हद तक कम करेगी।

यूपीसीएल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि स्मार्ट मीटर पर अर्थ लीकेज का संकेत दिखाई दे या मोबाइल पर अलर्ट प्राप्त हो, तो इसे नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत किसी योग्य इलेक्ट्रीशियन से विद्युत व्यवस्था की जांच कराकर आवश्यक मरम्मत कराएं।

ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने कहा कि निगम का उद्देश्य केवल निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित, जागरूक और तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने लोगों से स्मार्ट मीटर अपनाने और इसकी नई सुरक्षा सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।

स्मार्ट मीटर के प्रमुख फायदे

  • अर्थ लीकेज का तुरंत पता लगने पर मीटर और मोबाइल पर तत्काल अलर्ट।
  • बिजली के झटके और विद्युत दुर्घटनाओं के खतरे में कमी।
  • वायरिंग की खराबी समय रहते पकड़ में आने से आग लगने की आशंका कम।
  • अनावश्यक बिजली की खपत पर नियंत्रण, जिससे बिजली बिल कम रखने में मदद।
  • मोबाइल अलर्ट के माध्यम से समय पर मरम्मत कराना आसान।
  • बिजली की खपत की पारदर्शी निगरानी और बेहतर ऊर्जा प्रबंधन।
  • सुरक्षित और स्मार्ट जीवनशैली को बढ़ावा देने वाली आधुनिक तकनीक।
Share This Article
Leave a Comment