Ad image

मसूरी रोड पर 50 मीटर गहरी खाई में गिरी स्कूटी

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। मसूरी रोड पर शुक्रवार देर रात एक स्कूटी सवार युवक करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए घायल युवक को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

जिला कंट्रोल रूम (डीसीआर) से देर रात एसडीआरएफ को सूचना मिली कि मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर से लगभग एक किलोमीटर आगे एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उपनिरीक्षक राजवर सिंह राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई।

स्ट्रेचर में बांधकर खाई से निकाला

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि युवक करीब 50 मीटर गहरी और बेहद खड़ी खाई में गिरा हुआ है। दुर्गम भू-भाग और रात के अंधेरे के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद एसडीआरएफ ने जिला पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल अभियान शुरू किया।

तकनीकी रेस्क्यू उपकरणों की मदद से टीम घायल तक पहुंची और उसे सुरक्षित स्ट्रेचर में बांधकर सावधानीपूर्वक खाई से बाहर निकाला। मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल को जिला पुलिस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घायल की पहचान रोहित (36) निवासी आवास विकास कॉलोनी, ऋषिकेश के रूप में हुई है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

Share This Article
Leave a Comment