ऋषिकेश/ढालवाला। मुनि की रेती क्षेत्र के ढालवाला में वाहन पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने मिलकर एक टैक्सी चालक के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर ढालवाला निवासी ब्रिजेश रावत ने अपना वाहन कुछ समय के लिए सड़क किनारे खड़ा किया था। इसी बात को लेकर पास के एक दुकानदार से उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दुकानदार व उसके साथियों ने कथित रूप से ब्रिजेश के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। उक्रांद कार्यकर्ताओं ने मामले को लेकर थाना मुनि की रेती में पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, घटना से जुड़े कुछ वीडियो और पोस्ट सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


