Ad image

नैनीताल में पहचान छिपाकर शोषण और धर्म परिवर्तन का दबाव, आरोपी यूनुस गिरफ्तार

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

नैनीताल। जिले में पहचान छिपाकर दोस्ती करने, आर्थिक शोषण और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर भीमताल निवासी मो. यूनुस के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अलग-अलग नामों से महिलाओं के संपर्क में आता था और फोटोग्राफी, वीडियो शूट, हाइकिंग ग्रुप, म्यूजिक सेशन और बर्ड वॉचिंग जैसी गतिविधियों के जरिए उनसे जुड़ता था। पीड़िता का आरोप है कि विश्वास जीतने के बाद आरोपी उनसे धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाता था।

तहरीर के मुताबिक, वर्ष 2020 में पीड़िता की मुलाकात आरोपी से एक वीडियो शूट के दौरान हुई थी। शुरुआती दौर में आरोपी ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाई और खुद को धर्म से ऊपर बताता रहा। समय के साथ दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी, लेकिन बाद में आरोपी ने पीड़िता से बार-बार पैसे मांगने शुरू कर दिए।

पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने कैमरा, लेंस, मैक मिनी, मॉनिटर और आईफोन सहित अन्य उपकरणों के नाम पर करीब 17 लाख रुपये खर्च कराए। तहरीर में यह भी कहा गया है कि जब आरोपी ने शादी की बात की, तब उसकी असली पहचान सामने आई। इसके बाद उसने पीड़िता पर खान-पान और पहनावे में बदलाव करने तथा धार्मिक प्रथाएं अपनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर मारपीट करने का भी आरोप है।

कोतवाल हेम पंत ने बताया कि आरोपी मो. यूनुस के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे बृहस्पतिवार शाम गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment