Ad image

देहरादून में धर्म परिवर्तन के आरोप पर हंगामा, दो महिलाओं से पुलिस पूछताछ

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। बसंत विहार थाना क्षेत्र में धर्म प्रचार और कथित रूप से प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय लोगों और एक संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर के अनुसार, कांवली माड़ी क्षेत्र में दो महिलाएं—सीतापुरी (निवासी बनियावाला) और सुमित्रा (निवासी कांवली गांव)—घर-घर जाकर ईसाई धर्म का प्रचार कर रही थीं। आरोप है कि वे हिंदू महिलाओं को धर्म परिवर्तन के लिए कथित रूप से प्रलोभन भी दे रही थीं।

स्थानीय निवासी दीपक कुमार ने इस गतिविधि की जानकारी संगठन के कार्यकर्ता इंद्रजीत को दी, जिसके बाद संगठन के सदस्य मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उस समय दोनों महिलाएं लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के फायदे बता रही थीं।

घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों महिलाएं वहां से जा चुकी थीं। बाद में पुलिस ने विकास मॉल क्षेत्र से दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर बसंत विहार थाने पहुंचाया।

प्रार्थी कुलदीप स्वेडिया (संस्थापक अध्यक्ष, वीर सावरकर संगठन) ने मांग की है कि मामले में उत्तराखंड धर्मांतरण विरोधी कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

वहीं, थाना प्रभारी शेंकी कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी पक्षों से पूछताछ के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment