प्रदेश के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में जिला प्रशासन एवं ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्योत्सव जनपद स्तरीय मिनी सरस आजीविका मेले का शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। समापन समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर लोकगीत सहित पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया।
पारंपरिक वेशभूषा पर आधारित ओपन फैशन शो के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और पारंपरिक पहनावे को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों एवं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। विधायक एवं जिलाधिकारी ने स्टॉलों का निरीक्षण कर समूहों के उत्पादों की जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान पर्यटन विभाग की ओर से जोशियाडा में आयोजित बेसिक कयाकिंग प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। गंगा-यमुना कृषक उत्पादक संगठन के तत्वावधान में आयोजित लक्की ड्रॉ बम्पर धमाका का भी परिणाम निकाला गया। लक्की ड्रॉ में इलेक्ट्रिक स्कूटी, इलेक्ट्रिक साइकिल, स्थानीय उत्पादों के गिफ्ट हैंपर, ऊनी वस्त्र, तांबे की बोतल, सिलबट्टा ग्राइंडर, सेब की पेटियां एवं इंडक्शन चूल्हे सहित विभिन्न आकर्षक पुरस्कार विजेताओं को प्रदान किए गए। आजीविका समूहों द्वारा लगाए स्टॉल में सबसे अधिक बिक्री करने वाले स्टॉल समूहों को भी सम्मानित किया गया।
गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सरकार इन समूहों को प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और बाजार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग दे रही है। स्वयं सहायता समूहों को बाजार से जोड़ने, उनके उत्पादों की पहचान बनाने तथा स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर दर्जधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, बद्री प्रसाद सेमवाल, अवतार नेगी, विक्रम पंवार, भजन सिंह राणा, जितेंद्र सिंह राणा, राजेंद्र डंगवाल, मनोज चौहान, जगवीर बिष्ट, डीडीओ वेद प्रकाश, लीड बैंक मैनेजर ब्रह्मानंद सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार, प्रभारी जीएम डीआईसी वैभव कुमार, डीपीओ यशोदा बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मंच का संचालन सुधीर जोशी और मनवीर रावत द्वारा किया गया।



