
देहरादून। सेवा निवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन उत्तराखण्ड की मासिक बैठक सोमवार को परेड ग्राउंड स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष विरेन्द्र सिंह कृषाली ने की, जबकि संचालन प्रदेश महासचिव चन्द्र प्रकाश ने किया।
बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पेंशनर्स की लंबित समस्याओं, महंगाई राहत, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य प्रशासनिक विषयों को लेकर विचार-विमर्श के बाद कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। पदाधिकारियों ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर प्रभावी पहल की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष विरेन्द्र सिंह कृषाली ने कहा कि पेंशनर्स समाज का अनुभवी वर्ग है और उनके अधिकारों की रक्षा संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। महासचिव चन्द्र प्रकाश ने संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
बैठक में आर.एस. परिहार, एम.एस. गुसाई, सरदार रोशन सिंह, मोहन सिंह रावत, गुरु प्रसाद बिजल्वाण, हृदयराम सेमवाल, जबर सिंह पंवार, बचनी रावत, नरेश रतूड़ी, एन.एस. वर्मा, चन्द्र मोहन उनियाल, उमेश चन्द्र डोभाल, जगदीश प्रसाद रतूड़ी, विजय सिंह रावत, बलराम कोहली सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।





