Ad image

लोहाली में युवक की संदिग्ध मौत से मातम, पुलिस पर आरोपों से बढ़ा विवाद; एसपी बोले– मारपीट नहीं हुई

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

हल्द्वानी/लोहाली। लोहाली में नौजवान बालम सिंह की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। इकलौता बेटा होने के कारण वह अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। उसकी मौत से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

बताया जा रहा है कि बालम सिंह बेंगलूरू के एक होटल में काम करता था और परिवार का पालन-पोषण करता था। बीमार पिता की सेवा के लिए वह छुट्टी लेकर घर आया था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी छुट्टियां साबित होंगी।

बालम सिंह अपने बीमार पिता और दिव्यांग मां के बुढ़ापे की एकमात्र लाठी था। विडंबना यह रही कि जिस पिता की सेवा के लिए वह घर लौटा, उन्हीं की आंखों के सामने बेटे की अर्थी उठ गई। इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। पीछे पत्नी, बेटा-बेटी और बहन समेत पूरा परिवार बेसहारा हो गया है।

घटना को लेकर पुलिस पर भी आरोप लगाए जा रहे हैं, जिस पर एसपी डॉ. जगदीश चंद्रा ने सफाई दी है। उन्होंने बताया कि युवक शराब पीकर वीडियो बना रहा था, जिसके चलते पुलिसकर्मियों ने उसका मेडिकल कराया। मेडिकल में शराब की पुष्टि होने पर पुलिस एक्ट के तहत चालान कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था।

एसपी के अनुसार, देर रात युवक के आत्महत्या करने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की ओर से युवक के साथ किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई है और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें चलाई जा रही हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि परिजनों को किसी प्रकार की शिकायत है तो वे तहरीर दे सकते हैं, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसपी ने आश्वासन दिया है कि जांच में कोई भी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment